देश का मौसम का पैटर्न सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से प्रभावित बना हुआ है। जिसके चलते हिमालयी क्षेत्र में हिमपात, उत्तरी और मध्य मैदानी इलाकों में बारिश और गरज के साथ तूफान और कई राज्यों में तेज हवाएं और ठंड की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी बारिश और ओलावृष्टि के आसार है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वानुमान लगाया है कि यह मौसम प्रणाली 28 जनवरी तक सक्रिय रहेगी, जिसके चलते पश्चिमी हिमालयी राज्यों, जिनमें जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं, वहां छिटपुट बरसात और हिमपात होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। साथ ही कुछ स्थानों पर खासकर ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी और ओलावृष्टि भी हो सकती है।
इन राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार (28 जनवरी) के लिए जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, छत्तीसगढ, उड़ीसा, महाराष्ट्र के कुछ जिलों और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को अगले कुछ घंटे में कई राज्यों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। जिन राज्यों के लिए चेतावनी जारी की गई है, उनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र शामिल हैं। इन राज्यों में मध्यम से भारी बारिश के साथ आंधी चलने की आशंका है।
ये भी पढ़ें: Himachal Snowfall: हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों ने ओढ़ी बर्फ की चादर, सैकड़ों सड़कें-बिजली ट्रांसफार्मर ठप
उत्तराखंड: तेज बारिश और एवलांच की चेतावनी
उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से बिगड़े मौसम से प्रदेश भर में ठंड लौट आई है। आज भी प्रदेश भर में मौसम बिगड़ा हुआ रहेगा। वहीं बर्फबारी और हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, पुरोला, गंगोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ, मुनस्यारी, कपकोट और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी होने की संभावना जताई है।
अन्य वीडियो











