सिंगरौली/एबीएन न्यूज। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की मेजबानी में जयंत परियोजना, सिंगरौली में आयोजित कोल इंडिया अंतर कंपनी फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 पूरे रोमांच के साथ जारी है। 28 जनवरी से प्रारंभ हुई इस पाँच दिवसीय प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कोल इंडिया सहित एनसीएल, एमसीएल, बीसीसीएल, सीसीएल, एसईसीएल, डब्ल्यूसीएल, ईसीएल, सीएमपीडीआईएल और एससीसीएल की टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में सीसीएल और बीसीसीएल की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें सीसीएल ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में बीसीसीएल को 1-0 से पराजित कर विजयी शुरुआत की। इसके बाद ईसीएल और डब्ल्यूसीएल के बीच खेले गए मुकाबले में ईसीएल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए डब्ल्यूसीएल को 5-0 से करारी शिकस्त दी। वहीं सीएमपीडीआईएल और एससीसीएल के बीच हुए मैच में सीएमपीडीआईएल ने एकतरफा मुकाबले में एससीसीएल को 5-0 से हराया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। एसईसीएल और सीसीएल के बीच हुए मैच में एसईसीएल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सीसीएल को 3-1 से मात दी। ईसीएल ने अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए एमसीएल को 2-0 से पराजित किया। वहीं मेजबान एनसीएल ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए सीएमपीडीआईएल को 5-0 से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की।
इस अंतर कंपनी फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल 180 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों के जोश और प्रतिस्पर्धी खेल से दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित खिताबी मुकाबला 1 फरवरी 2026 को खेला जाएगा, जिसमें सर्वश्रेष्ठ टीम चैंपियन का ताज अपने नाम करेगी।
![]()












