अनपरा/ सोनभद्र/एबीएन न्यूज। हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर.पी. सिंह के दिशा-निर्देशन में सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत रोड एंड ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स, रेनुसागर के तत्वावधान में आवासीय परिसर स्थित ट्रक पार्किंग क्षेत्र में “ड्राइवरों के साथ एक दिन” थीम पर एक दिवसीय विशेष सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ट्रांसपोर्टरों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात अनुशासन तथा दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, ट्रांसपोर्टरों एवं वाहन चालकों ने सामूहिक रूप से सुरक्षा की शपथ ली तथा हिंडालको की ‘जीरो हार्म नीति’ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके उपरांत रोड एंड ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स, रेनुसागर के अध्यक्ष ललित खुराना ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए फायर सेफ्टी टीम द्वारा सुरक्षा विषय पर एक प्रभावशाली एकांकी नाटक का मंचन किया गया, जिससे उपस्थित लोगों में जागरूकता बढ़ी।

मुख्य अतिथि हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर.पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का संकल्प है। उन्होंने ट्रक चालकों एवं ट्रांसपोर्टरों से संवाद करते हुए ट्रैफिक नियमों के पालन, वाहनों की नियमित जांच, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा संयंत्र परिसर में सुरक्षित वाहन संचालन पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर “ड्राइवरों के साथ एक दिन” कार्यक्रम के अंतर्गत सुरक्षा संवाद में भाग लेने वाले चालकों एवं ट्रांसपोर्टरों को सम्मानित भी किया गया।

हेड संचालन मनीष जैन एवं हेड एचआर आशीष कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में सुरक्षित ड्राइविंग के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए चालकों को हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग, गति सीमा के पालन तथा नशे से दूर रहकर वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन रोड एंड ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स के कन्वेनर मुकेश श्रीवास्तव ने किया, जबकि अंत में अध्यक्ष ललित खुराना ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विभु पात्रा, लेफ्टिनेंट कर्नल सुरेश नारायनन, सेफ्टी हेड अरविंद सिंह, सुधाकर अन्नामलाई, अभिनीत सिंह, मनोज पांडेय, शैलेश श्रीवास्तव, मधुसूदन राव, लोकेश सिंह सहित फायर सेफ्टी टीम, रोड एंड ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स के सदस्य, ट्रांसपोर्टर प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में वाहन चालक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()











