गोरखपुर/एबीएन न्यूज। भारतीय रेल द्वारा संरक्षा कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गाड़ियों के निर्बाध संचालन एवं सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखकर समपारों को चरणबद्ध रूप से समाप्त किया जा रहा है। इसके तहत रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) एवं सीमित ऊँचाई के सब-वे का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।
इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर के मार्गदर्शन एवं सतत मॉनिटरिंग के फलस्वरूप गोरखपुर–आनंदनगर रेलखंड पर नकहा जंगल और मानीराम स्टेशनों के मध्य स्थित समपार संख्या 5-ए पर निर्माणाधीन सड़क उपरिगामी पुल पर 72 मीटर लंबे बो-स्टिंग गर्डर के इरेक्शन का कार्य 30 जनवरी 2026 को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया।
दो लेन वाले इस निर्माणाधीन आरओबी पर बो-स्टिंग गर्डर के इरेक्शन का यह महत्वपूर्ण कार्य इंजीनियरिंग एवं परिचालन विभाग के साथ-साथ लखनऊ मंडल की टीम के बेहतर समन्वय एवं तालमेल से संपन्न हुआ। रेलवे अधिकारियों के अनुसार 5 एवं 6 फरवरी 2026 को अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) की टीम द्वारा इस कार्य का निरीक्षण किया जाएगा।
निरीक्षण के उपरांत फरवरी 2026 में बो-स्टिंग गर्डर के लांचिंग का कार्य पूरा किया जाएगा। परियोजना के पूर्ण होते ही चार लेन का यह सड़क उपरिगामी पुल आमजन के लिए उपलब्ध हो जाएगा, जिससे रेल एवं सड़क यातायात दोनों में सुरक्षा बढ़ेगी और क्षेत्रवासियों को सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।
![]()












