सोनभद्र/एबीएन न्यूज। 25 दिसंबर 2025 से प्रारंभ हुए विधायक खेल महाकुंभ का भव्य समापन 31 जनवरी 2026 को उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान “सोन की माटी, सोन का दम, आओ मिलकर खेले हम” का नारा खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच प्रेरणा का केंद्र बना रहा। इस खेल महाकुंभ में बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अनुशासन, समर्पण और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
खेल महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित वरिष्ठ नागरिकों की रस्साकशी प्रतियोगिता में ब्लॉक चतरा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के माननीय मंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि “खेलोगे-कूदोगे तो रोजगार मिलेगा। खेल न केवल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का भी सशक्त जरिया है।”

उन्होंने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश के प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज तथा सभी ब्लॉकों में मिनी स्टेडियम की स्थापना की जाएगी। साथ ही प्रदेश की 25 हजार ग्राम पंचायतों में खेल मैदानों का निर्माण कराया जा चुका है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में सरकार युवाओं और छात्र-छात्राओं को खेलों से जोड़ने के लिए मिशन मोड में कार्य कर रही है। खेलो इंडिया योजना से देश में खेलों का परिदृश्य बदला है और गांव का युवा भी आधुनिक सुविधाओं के साथ वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है।

इस अवसर पर सदर विधायक श्री भूपेश चैबे ने कहा कि विधायक खेल महाकुंभ का शुभारंभ 25 दिसंबर 2025 को हुआ था, जिसका आज भव्य समापन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में लगभग 14,500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। आयोजन राबर्ट्सगंज, चतरा एवं नगवां विकास खंडों में किया गया, जिसमें खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, क्रिकेट, दौड़, गुल्ली-डंडा, रस्साकशी, टेनिस बॉल, शतरंज, कैरम सहित विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता प्रतिभागियों को समापन समारोह में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष राबर्ट्सगंज श्री रूबी प्रसाद, पूर्व एमएलसी श्री केदारनाथ, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा श्री रमेश मिश्रा, श्री अजीत चैबे, श्री दयाशंकर पाण्डेय, मीडिया प्रभारी श्री अनुप तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विधायक खेल महाकुंभ ने जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार किया है।
![]()











