सोनभद्र/एबीएन न्यूज। एनसीएल के दूधिचुआ ग्राउंड में सोमवार को आयोजित ‘यंग अचीवर्स प्रोग्राम’ के अंतर्गत ‘लर्निंग फ्रॉम लीजेंड’ कार्यक्रम में दिग्गज भारतीय फुटबॉलर, पूर्व राष्ट्रीय कप्तान, पद्मश्री एवं अर्जुन अवार्ड से सम्मानित श्री बाइचुंग भूटिया ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता, फिटनेस और आत्मविश्वास के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री बाइचुंग भूटिया ने कहा कि सफलता बड़ी जिम्मेदारियों के साथ आती है, क्योंकि एक सफल व्यक्ति समाज के लिए उदाहरण बन जाता है। उन्होंने शारीरिक और मानसिक फिटनेस को जीवन की किसी भी विधा में सफलता के लिए अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि खेल हमें न केवल सफलता को संभालना सिखाते हैं, बल्कि असफलताओं के साथ सामंजस्य बैठाने की भी सीख देते हैं।
अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए श्री भूटिया ने फिटनेस के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार, अल्पाहार, नियमित व्यायाम, योग और सूर्य नमस्कार को दैनिक जीवन में शामिल कर व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ रख सकता है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों को भी सलाह दी कि बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार करियर चुनने की स्वतंत्रता दें और उसी अनुरूप सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराएं।

सिक्किम के छोटे से गांव तिंकिताम से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल जगत में पहचान बनाने वाले श्री भूटिया ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रतिभा होने पर संसाधनों की कमी कभी भी सफलता में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने बच्चों से अपने जुनून का अनुसरण करने और चुनौतियों के लिए हमेशा तैयार रहने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कोल इंडिया और एनसीएल द्वारा खेल एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर एनसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री बी. साईराम ने श्री बाइचुंग भूटिया को फिटनेस आइकॉन बताते हुए उनके समर्पण, अनुशासन और धैर्य को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि शारीरिक सहनशक्ति और मानसिक स्थिरता के बल पर ही श्री भूटिया ने वैश्विक स्तर पर सफलता हासिल की। उन्होंने सिंगरौली क्षेत्र के युवाओं को फुटबॉल सहित अन्य खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार, निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय कुमार जायसवाल, पूर्व निदेशक श्री सुनील प्रसाद सिंह, कंपनी जेसीसी सदस्य, सीएमओआई प्रतिनिधि, कृति महिला मंडल की उपाध्यक्षाएं, मुख्यालय व परियोजनाओं के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी सहित एनसीएल के विद्यालयों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को मोटिवेशनल, मॉडरेटर और इंटरैक्टिव—तीन सत्रों में विभाजित किया गया था। इन सत्रों के दौरान विद्यार्थियों ने खेल, करियर और जीवन से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका श्री बाइचुंग भूटिया ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। एनसीएल की ओर से प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री पाणि पंकज पांडे ने मॉडरेटर की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनसीएल कल्याण विभाग और दूधिचुआ परियोजना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
![]()












