सोनभद्र/एबीएन न्यूज। अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल ने जानकारी दी है कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती गीता विश्वकर्मा का जनपद सोनभद्र में 04 फरवरी 2026 को आगमन प्रस्तावित है। अपने प्रवास के दौरान वह महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करेंगी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार माननीय सदस्य 04 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे सर्किट हाउस सभागार में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की जनसुनवाई करेंगी। इस दौरान जनपद में महिलाओं से संबंधित लंबित एवं नए प्रकरणों पर विचार कर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान करेंगी।
महिला आयोग की सदस्य अपने दौरे के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान वह मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सुविधाओं, दवाओं, स्टाफ की उपलब्धता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा करेंगी। इसके साथ ही बालिका एवं महिला गृहों का भ्रमण कर वहां रह रही महिलाओं एवं बालिकाओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी लेंगी।
इसके अतिरिक्त माननीय सदस्य आगनबाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण करेंगी और केंद्रों पर उपलब्ध पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेंगी। निरीक्षण के उपरांत आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
प्रशासन ने महिला उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर सर्किट हाउस पहुंचकर अपनी शिकायतें प्रस्तुत करें, ताकि उनका समयबद्ध एवं न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
![]()












