सोनभद्र/एबीएन न्यूज। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के निकट पर्यवेक्षण में थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने टोल प्लाजा पर हुए विवाद के मामले में त्वरित, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 01 फरवरी 2026 को लगभग 3:10 बजे की है। वादी श्रीमती आरती पाण्डेय अपने परिवार के साथ वाहन संख्या यूपी 64 एयू 9142 (टोयोटा ग्लैंजा) से रॉबर्ट्सगंज से चोपन की ओर जा रही थीं। थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र अंतर्गत लोढ़ी टोल प्लाजा पर अगली गाड़ी का मैसेज प्राप्त न होने के कारण टोल क्रॉस नहीं हो पाया, जिससे लेन संख्या-03 में कुछ वाहन खड़े हो गए और कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।
कुछ मिनटों की देरी को लेकर श्रीमती आरती पाण्डेय व उनके परिवार की टोल कर्मियों से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद और मारपीट में बदल गई। इस संबंध में श्रीमती आरती पाण्डेय पुत्री राजकुमार पाण्डेय, निवासी सिविल लाइन रोड, कचहरी, रॉबर्ट्सगंज की तहरीर पर थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा संख्या 87/2026 अंतर्गत धारा 191(2), 109(1), 115(2), 352, 351(3), 74 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने मामले में नामजद दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में रामजी तिवारी पुत्र जयनारायण तिवारी निवासी भौली कुरारा, जनपद हमीरपुर तथा सर्वेश यादव पुत्र शिवशंकर यादव निवासी करमीशिपुर मालीपुर, जनपद अम्बेडकर नगर शामिल हैं। मामले में 7–8 अन्य टोल कर्मी नाम-पता अज्ञात के रूप में वांछित हैं, जिनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव (चौकी प्रभारी चुर्क) तथा उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव (चौकी प्रभारी लोढ़ी) अपने हमराहियों के साथ शामिल रहे।
सोनभद्र पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि वे शांति, संयम बनाए रखें तथा कानून का पालन करें। किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें।
![]()











