सोनभद्र/एबीएन न्यूज। उप श्रमायुक्त पिपरी ने जानकारी दी है कि जनपद सोनभद्र को वर्ष 2027 तक बाल श्रम मुक्त बनाने के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला वी.वी. गिरी राष्ट्रीय श्रम संस्थान, नोएडा तथा श्रम विभाग मुख्यालय के अधिकारियों की अध्यक्षता में दिनांक 05 फरवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, सोनभद्र में आयोजित होगी।
उप श्रमायुक्त ने बताया कि इस कार्यशाला में जनपद के लिए तैयार की गई बाल श्रम उन्मूलन की कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही बाल श्रम से मुक्त कराए गए बच्चों के पुनर्वासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर विभिन्न विभागों और संगठनों की भूमिका पर भी विमर्श किया जाएगा।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बाल श्रम उन्मूलन के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना और विभिन्न स्टेक होल्डर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसमें श्रम विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उप श्रमायुक्त ने संबंधित सभी विभागों एवं संस्थाओं से अपील की है कि वे कार्यशाला में समय से उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं अनुभव साझा करें, ताकि जनपद सोनभद्र को निर्धारित समय सीमा के भीतर बाल श्रम मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
![]()











