Last Updated:
32 Years Of Dilwale: 4 फरवरी, 1994 अजय देवगन के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ था, जब हैरी बावेजा द्वारा निर्देशित फिल्म ‘दिलवाले’ रिलीज हुई थी. आज यह कल्ट क्लासिक फिल्म 32 साल पूरे कर रही है. यह वही फिल्म थी जिसने अजय देवगन की इमेज को ‘एक्शन स्टार’ से ‘सुपरस्टार’ में बदल दिया. ‘अरुण सक्सेना’ के रूप में अजय की दमदार परफॉर्मेंस और सुनील शेट्टी के साथ उनकी जबरदस्त केमिस्ट्री ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी थी. फिल्म की ऐतिहासिक सफलता के पीछे कहानी के साथ-साथ इसके पांच सदाबहार गाने भी थे, जो आज भी हर संगीत प्रेमी की प्लेलिस्ट का हिस्सा हैं.
नई दिल्ली. हर साल बॉलीवुड में सैकड़ों फिल्में रिलीज होती हैं, लेकिन समय के साथ कुछ ही ‘लेजेंड’ बन पाती हैं. ठीक 32 साल पहले एक फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी जिसने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि एक एक्टर को ‘स्टार’ से ‘सुपरस्टार’ बना दिया. वह एक्टर थे अजय देवगन और फिल्म थी ‘दिलवाले’. आज भी जब इस 90 के दशक की इस फिल्म को लोग देखने बैठते हैं तो इससे नजरें नहीं हटा पाते हैं. इस फिल्म में ऐसा क्या खास था? क्या यह सिर्फ अजय देवगन का एक्शन था या सुनील शेट्टी की वफादारी? जवाब है- सबसे बढ़करजादुई संगीत था जिसने इस फिल्म को अमर बना दिया.

1991 में ‘फूल और कांटे’ से दो मोटरसाइकिलों पर बैलेंस बनाते हुए अजय देवगन की एंट्री ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया, लेकिन इंडस्ट्री एक ऐसे एक्टर की तलाश में थी जो इमोशन और एक्शन का सही मिश्रण पेश कर सके. ‘दिलवाले’ ने अजय को वह प्लेटफॉर्म दिया. उनकी गहरी, दमदार आंखें और उनके किरदार अरुण सक्सेना का जोशीला पागलपन दर्शकों को पसंद आया.

‘दिलवाले’ की कहानी जितनी दमदार थी, उसका संगीत उससे भी बड़ा हिट साबित हुआ. नदीम-श्रवण की जोड़ी और समीर के बोल ने ऐसा जादू किया कि फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके कैसेट बाजार से गायब हो गए. आइए आपको अगले स्लाइड में बताते हैं उन 5 गानों के बारे में, जिन्होंने अजय देवगन को सुपरस्टार बनाया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

1. जीता था जिसके लिए: यह सिर्फ एक गाना नहीं था, बल्कि 90 के दशक के टूटे दिलों के लिए एक एंथम था. कुमार सानू और अलका याग्निक की आवाज में इस गाने में जो दर्द था, उसने अजय देवगन की ‘सेंसिटिव हीरो’ वाली इमेज को हर घर में पॉपुलर बना दिया. आज भी जब बेवफाई की बात होती है तो सबसे पहले यही गाना याद आता है.

2. मौका मिलेगा तो हम बता देंगे: इस गाने ने फिल्म रिलीज होने से पहले ही जबरदस्त हाइप बना दिया था. यह उस जमाने के युवाओं के बीच तुरंत हिट हो गया था. इसकी कैची धुन ने फिल्म को मास अपील दी.

3. जो तुम्हें चाहे कसम से: मिठास से भरा यह रोमांटिक गाना आज भी रेडियो स्टेशनों पर सबसे ज्यादा रिक्वेस्ट किए जाने वाले गानों में से एक है. इसने रवीना टंडन और अजय देवगन की केमिस्ट्री को स्क्रीन पर जिंदा कर दिया.

4. एक ऐसी लड़की थी: कुमार सानू की सुरीली आवाज में गाया गया यह गाना अजय देवगन के किरदार की मासूमियत और संघर्षों को दिखाता है. फिल्म के फ्लैशबैक सीन में, इस गाने ने दर्शकों में भावनाओं को जगाने में अहम भूमिका निभाई.

5. सातों जनम में तेरे: शादियों में और प्रेमियों के बीच इस गाने को जो पॉपुलैरिटी मिली, वह बेमिसाल थी. कुमार सानू की गायकी ने इस फिल्म को म्यूजिकल ब्लॉकबस्टर बना दिया. बता दें, 1994 में रिलीज होते ही फिल्म ‘दिलवाले’ बॉक्स ऑफिस पर छा गई थी. विकिपीडिया के आंकड़ों के अनुसार, लगभग 2 करोड़ में बनकर तैयार हुई इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑपिस पर कुल 11.9 करोड़ रुपये बटोरने में सफलता हासिल की थी. यह साल 1994 की आठवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बनी थी. फिल्म की सफलता ने साबित कर दिया था कि अजय देवगन एक ऐसे स्टार हैं जो टिके रहने वाले हैं. इस फिल्म के बाद, उन्हें मास और क्लास दोनों तरह के दर्शकों से प्यार मिलने लगा.
![]()










