लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राहुल यादव के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, लखनऊ स्थित बहुउद्देशीय हाल में समापक भुगतान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्थान पर रिक्त हुए पदों के सापेक्ष तत्काल 12 पात्र कार्यरत रेल कर्मचारियों को पदोन्नति आदेश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मंडल वित्त प्रबंधक श्री उमेश कुमार एवं सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी श्री प्रमोद कुमार भारती/द्वितीय द्वारा पदोन्नति आदेश सौंपे गए। सेवानिवृत्ति के उपरांत रिक्त पदों पर तुरंत पदोन्नति का लाभ मिलने से कर्मचारियों में विशेष हर्ष और उत्साह देखने को मिला। कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान कुल 23 रेल कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी श्री प्रमोद कुमार भारती/द्वितीय द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापक भुगतान से संबंधित प्रपत्र एवं सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के प्रति उनके दीर्घकालीन समर्पण, निष्ठा एवं रेलवे के लिए किए गए अतुलनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
![]()












