लखनऊ/एबीएन न्यूज। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी के निदेशक श्री श्रीराम तरणिकांति, आईएएस ने आज 04 फरवरी 2026 को भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ का आधिकारिक भ्रमण किया। उनके आगमन पर आईआरआईटीएम के महानिदेशक श्री रंजन प्रकाश ठाकुर, अपर महानिदेशक श्री संजय त्रिपाठी सहित संस्थान के संकाय सदस्यों ने उनका स्वागत किया।
भ्रमण के दौरान निदेशक एलबीएसएनएए को आईआरआईटीएम की संरचना, दायित्वों, अधोसंरचना एवं शैक्षणिक ढांचे की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि आईआरआईटीएम भारतीय रेल के अधिकारियों के लिए परिवहन प्रबंधन, परिचालन एवं सुरक्षा के क्षेत्रों में एक प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान के रूप में कार्य कर रहा है। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि हाल ही में संस्थान को क्षमता निर्माण आयोग के राष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत “सर्वोत्कृष्ट/Outstanding” श्रेणी में मान्यता प्राप्त हुई है।

इस अवसर पर श्री श्रीराम तरणिकांति ने सभागार में भारतीय रेल प्रबंधन सेवा (आईआरएमएस) के परिक्षाविधीन अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रेरणादायी व्याख्यान दिया। उन्होंने नेतृत्व क्षमता, लोक सेवा के मूल्यों, व्यावसायिकता तथा राष्ट्र निर्माण में सिविल सेवकों की बदलती भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत संस्थागत प्रस्तुति, परिसर का अवलोकन तथा संकाय सदस्यों के साथ संवाद भी किया गया। इस अवसर ने एलबीएसएनएए और आईआरआईटीएम के बीच शैक्षणिक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ सार्थक अकादमिक विमर्श का मंच प्रदान किया।
आईआरआईटीएम, लखनऊ प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयासरत है और इस प्रकार के उच्च स्तरीय शैक्षणिक संवादों को संस्थान के विकास एवं सहयोग विस्तार के लिए महत्वपूर्ण मानता है।
![]()












