लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडलीय कार्यालय स्थित सभागार में आज 04 फरवरी 2026 को नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) की 247वीं स्थाई वार्ता तंत्र की दो दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने किया। इस अवसर पर एनआरएमयू एवं ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (AIRF) के महामंत्री श्री शिव गोपाल मिश्रा की विशेष उपस्थिति रही।
इस वार्ता तंत्र का मुख्य उद्देश्य रेल प्रशासन एवं यूनियन के बीच आपसी समन्वय, सहभागिता और पारदर्शिता के माध्यम से प्रशासनिक कार्य निष्पादन तथा कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। नियमित रूप से आयोजित होने वाली यह बैठक प्रशासनिक कार्यों को सरल, सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के साथ-साथ कर्मचारी कल्याण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने लखनऊ मंडल की वर्तमान उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी यूनियन पदाधिकारियों को दी। उन्होंने रेल कर्मचारियों के हित में प्रशासन द्वारा लिए गए निर्णयों और उठाए गए कदमों से भी अवगत कराया। वहीं यूनियन पदाधिकारियों ने मंडल में कर्मचारी हित एवं कल्याण कार्यों को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई।

बैठक के दौरान यूनियन की ओर से कर्मचारियों से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण समस्याएं उठाई गईं। इनमें गेटमैनों के प्रशासनिक आधार पर किए गए स्थानांतरणों की समीक्षा, गेटमैन एवं प्वाइंट्समैन से संबंधित मुद्दे, 8 घंटे का रोस्टर लागू करने की मांग, वाराणसी स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए पैथोलॉजी जांच सुविधा, ट्रैकमैनों को आधुनिक जीपीएस उपकरण उपलब्ध कराने, रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा पदोन्नति से जुड़े विषय प्रमुख रहे।
इस बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री शूरवीर सिंह चौहान एवं सुश्री नीलिमा सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती अरिमा भटनागर, वरिष्ठ मंडल परिचालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के शाखाध्यक्ष उपस्थित रहे। वहीं नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की ओर से मंडल अध्यक्ष श्री सुधीर तिवारी, मंडल मंत्री श्री विभूति मिश्रा सहित अन्य यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।
![]()












