सोनभद्र/एबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती गीता विश्वकर्मा ने सर्किट हाउस सभागार, सोनभद्र में महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों की जनसुनवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और उन्होंने घरेलू, सामाजिक एवं साइबर उत्पीड़न से जुड़ी अपनी समस्याएं आयोग की सदस्य के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान माननीय सदस्य ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का प्रभावी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना, साइबर अपराध सहित विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर श्रीमती गीता विश्वकर्मा ने महिलाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सोशल मीडिया, मोबाइल फोन एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले अपराधों से सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस एवं संबंधित एजेंसियों को दें।

माननीय सदस्य ने महिलाओं को विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि महिला उत्पीड़न से संबंधित सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, कानूनी परामर्श हेतु 15100, स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए एंबुलेंस सेवा 102 एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं से निर्भीक होकर आगे आने और अपनी शिकायत दर्ज कराने का आह्वान किया।
जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी श्री अजीत कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी श्रीमती विद्या देवी, प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती इन्द्रावती यादव, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












