लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के अंतर्गत सुल्तानपुर जनपद के पीपरपुर रेलवे स्टेशन पर आज 04 फरवरी 2026 को “मेरा टिकट, मेरा स्वाभिमान” अभियान के तहत विशेष बस रेड एवं सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान रेल प्रशासन ने बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक किया।
अभियान के अंतर्गत गाड़ी संख्या 64221 एवं 20401 का वाराणसी से सुल्तानपुर तक सेक्शनल चेक किया गया, जबकि गाड़ी संख्या 12237 की सुल्तानपुर से लखनऊ के मध्य गहन टिकट जांच की गई। इस सघन अभियान के दौरान कुल 253 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पाए गए, जिनसे ₹1,03,755 का किराया एवं जुर्माना वसूल किया गया।

इसके अतिरिक्त, 83 बिना टिकट यात्रियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सुपुर्द किया गया। यह विशेष अभियान सहायक वाणिज्य प्रबंधक (एसीएम) श्री के.के. यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें सीएमआई/टिकट चेकिंग, सीआईटी (रेड) सहित 24 टिकट चेकिंग स्टाफ, 32 आरपीएफ कर्मी एवं 5 जीआरपी कर्मियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की।
यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री कुलदीप तिवारी के निर्देशन में सफलतापूर्वक संचालित किया गया। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रेल संचालन में प्रशासन का सहयोग करें। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
![]()












