बीना/सोनभद्र//एबीएन न्यूज़। महान स्थित हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) क्षेत्र में देर रात तेंदुआ देखे जाने से फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि तेंदुए की आवाजाही फैक्ट्री परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसके बाद प्रबंधन ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन ने कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों के लिए विशेष सतर्कता निर्देश जारी किए हैं। प्रबंधन द्वारा जारी सूचना में बताया गया कि तेंदुआ सीएचपी क्षेत्र में देर रात देखा गया है, ऐसे में सभी कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से परिसर में घूमने से बचने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों को केवल निर्धारित गेटों से ही प्रवेश और निकास करने को कहा गया है।
सुरक्षा के मद्देनज़र फैक्ट्री परिसर के भीतर पैदल चलने, साइकिल अथवा दोपहिया वाहन के उपयोग पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। केवल अधिकृत चारपहिया वाहनों के उपयोग की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही सुबह और शाम के समय खुले क्षेत्रों में जाने तथा सुनसान इलाकों में अकेले आवाजाही से बचने की सख्त हिदायत दी गई है।
मामले की जानकारी अलसुबह सुरक्षा विभाग के साथ-साथ वन विभाग को भी दे दी गई है। वन विभाग की टीम द्वारा तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और उसके मूवमेंट से संबंधित सूचनाएं एकत्रित की जा रही हैं। फैक्ट्री प्रशासन ने कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों और आसपास के रहवासियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है। प्रबंधन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा टीम को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है।
![]()












