बीना/सोनभद्र//एबीएन न्यूज़। जनपद में वित्तीय पारदर्शिता और प्रशासनिक कार्यों की प्रभावी समीक्षा के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को पुलिस लाइन, सोनभद्र स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस विभाग से जुड़े विभिन्न वित्तीय एवं प्रशासनिक मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समीक्षा गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय), क्षेत्राधिकारी कार्यालय के प्रतिनिधि, प्रतिसार निरीक्षक, प्रधान लिपिक, प्रभारी आंकिक शाखा, प्रभारी कैश कार्यालय लाइन तथा प्रभारी आरटीसी डीसी (सीसीटीएनएस) जनपद सोनभद्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान वार्षिक वेतन वृद्धि, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, वेतन विसंगति, भवन निर्माण से जुड़े कार्य, क्रय-विक्रय एवं खरीददारी के प्रकरण, जीपीएफ एवं पेंशन भुगतान, अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति, प्रशिक्षण उपरांत तैनात आरक्षियों की आवासीय व्यवस्था, पुलिस लाइन में पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं सहित विभिन्न वित्तीय लेन-देन और भुगतान से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वित्तीय मामलों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
एसपी ने यह भी निर्देशित किया कि प्रशासनिक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाएं।
![]()











