Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Rohit Shetty Firing Case Update: महाराष्ट्र की एक अदालत ने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर गोलीबारी के सिलसिले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को बृहस्पतिवार को 11 फरवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने अदालत को बताया कि आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर के निर्देश पर काम कर रहे थे. लोनकर इस मामले में वांछित आरोपी है. पुलिस ने इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
रोहित शेट्टी फायरिंग केस में 5 आरोपियों को हिरासत बढ़ी. (फोटो साभारः इंस्टाग्राम @itsrohitshetty)
मुंबई. फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल की है. कोर्ट ने गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को 11 फरवरी तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी आदित्य गायकी (19), सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18) और स्वप्निल सकट (23) को रविवार को गिरफ्तार किया गया था, जबकि आसाराम फासले नामक आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था.
पुलिस ने कोर्ट को बताया कि आरोपी स्वप्निल के घर से एक पिस्टल, एक एयर गन और तीन मैगजीन बरामद हुई हैं. वहीं, गिरफ्तार पांचवें आरोपी आशाराम फासले के पास तीन पिस्टल मिली हैं. जांच में पता चला है कि आरोपियों ने अपने फोन से सिग्नल ऐप डिलीट कर दिया था. पुलिस को चैट रिकवर करने और अन्य सबूत जुटाने के लिए लंबी कस्टडी की जरूरत है.
क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी शुभम लोनकर को अभी भी फरार बताया है. पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है.बचाव पक्ष के वकीलों ने दावा किया कि आरोपी सिद्धार्थ, समर्थ और आदित्य का काम सिर्फ गाड़ी उपलब्ध कराना था.
वकील ने कहा, “गाड़ी सौंपने के बाद क्या हुआ, हमें नहीं पता. चार दिन की पुलिस कस्टडी काफी है.” पुलिस ने इसका जवाब दिया कि आरोपियों के फोन पहले से उनके कब्जे में हैं, लेकिन चैट और डिजिटल सबूतों की गहन जांच के लिए और समय चाहिए.पुलिस का कहना है कि बिना कस्टडी के महत्वपूर्ण जानकारी मिलना मुश्किल होगा.
रोहित शेट्टी ने खुद दर्ज कराई फायरिंग की शिकायत
रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर देर रात फायरिंग की गई. घटना के बाद रोहित शेट्टी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. हालांकि, खुद रोहित शेट्टी ने पुलिस को बताया कि उन्हें किसी भी तरह का धमकी भरा कॉल या मैसेज नहीं मिला है.क्राइम ब्रांच की टीम अब मुख्य आरोपी शुभम लोनकर को पकड़ने और पूरे मामले की साजिश का पता लगाने में जुटी है. क्राइम ब्रांच की कई टीमें देश के अलग-अलग हिस्सों में शूटर की तलाश कर रही हैं.
बाबा सिद्दीकी की हत्या और सलमान खान के घर पर गोलीबारी में भी वांछित
अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी की घटना की जांच के दौरान यह बात सामने आई कि सभी आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर के संपर्क में थे, जिसे इस मामले में वांछित आरोपी बताया जा रहा है. उन्होंने बताया कि लोनकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और अभिनेता सलमान खान के घर पर गोलीबारी की घटना में भी वांछित है.
About the Author
रमेश कुमार, सितंबर 2021 से न्यूज 18 हिंदी डिजिटल से जुड़े हैं. इससे पहले एबीपी न्यूज, हिंदीरश (पिंकविला), हरिभूमि, यूनीवार्ता (UNI) और नेशनल दुनिया में काम कर चुके हैं. एंटरटेनमेंट, एजुकेशन और पॉलिटिक्स में रूच…और पढ़ें
![]()










