सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। थाना अनपरा पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में सराहनीय कार्य करते हुए पीड़ित को ठगी गई धनराशि का आंशिक रूप से भुगतान वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। थाना अनपरा क्षेत्र के रेहटा निवासी राजकुमार पाल पुत्र चुन्नी पाल के साथ दिनांक 08 सितंबर 2024 को ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर कुल 13,73,508 रुपये की साइबर ठगी की गई थी।
पीड़ित द्वारा इस संबंध में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना अनपरा की साइबर टीम ने मामले की गंभीरता से जांच की।
जांच के दौरान थाना अनपरा की साइबर टीम द्वारा NCRP पोर्टल का गहन अवलोकन किया गया, जिसमें पीड़ित की ठगी गई कुल धनराशि में से 2,22,481.10 रुपये को विभिन्न संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराया गया। इसके पश्चात आवश्यक साक्ष्य संकलित कर संबंधित बैंक शाखाओं से ई-मेल पत्राचार के माध्यम से होल्ड की गई धनराशि में से 5,000 रुपये पीड़ित के मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस कराए गए। शेष होल्ड धनराशि को भी वापस कराने के लिए संबंधित बैंकों से निरंतर पत्राचार किया जा रहा है।
इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए पीड़ित राजकुमार पाल ने थाना अनपरा की साइबर टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। धनराशि वापस कराने वाली टीम में सत्येन्द्र कुमार राय, प्रभारी निरीक्षक थाना अनपरा तथा हेड कांस्टेबल आनंद मोहन बिंद, साइबर हेल्प डेस्क थाना अनपरा शामिल रहे।
पुलिस द्वारा आमजन से साइबर जागरूकता की अपील करते हुए कहा गया है कि अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, मोबाइल नंबर, बैंक खाता विवरण, नेट बैंकिंग पासवर्ड एवं ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। अनजान क्यूआर कोड स्कैन करने या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा नजदीकी थाने से संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
![]()











