सोनभद्र/एबीएन न्यूज। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, भारत सरकार के माननीय सदस्य श्री लवकुश कुमार ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद में अनुसूचित जाति से संबंधित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में दर्ज मामलों की वर्तमान स्थिति, उनके निस्तारण की प्रगति तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से आच्छादित किए जाने की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान आयोग को संदर्भित प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए माननीय सदस्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुसूचित जाति से जुड़े सभी मामलों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की स्पष्ट मंशा है कि समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों को समय पर न्याय मिले और उन्हें केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ प्राप्त हो। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।

समीक्षा के दौरान अनुसूचित जाति के छात्रों को छात्रवृत्ति वितरण, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत लाभ, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, अनुसूचित जाति छात्रावास, भूमि पट्टा आवंटन, मनरेगा योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन खातों सहित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली गई। माननीय सदस्य ने बैंकर्स को निर्देशित करने पर बल दिया कि पात्र लाभार्थियों की योजनाओं से संबंधित पत्रावलियों को अनावश्यक रूप से निरस्त न किया जाए।
उन्होंने प्रशासन को संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों का सामूहिक दायित्व है।

जिलाधिकारी श्री बद्रीनाथ सिंह ने आश्वस्त किया कि माननीय सदस्य द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी और शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार, समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरियां, डीसी मनरेगा रविन्द्र वीर, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अजय कुमार मिश्रा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()











