सोनभद्र/एबीएन न्यूज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान 2026 के अंतर्गत जनपद में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कार्य से जुड़े विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनपद में ऐसे सभी नए मतदाता, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनका नाम अनिवार्य रूप से जोड़ा जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाकर समयबद्ध ढंग से उनका नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक समावेशी, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है। इस अभियान में एनआरएलएम समूहों से जुड़ी महिलाओं, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही उच्च शिक्षा विभाग और महाविद्यालयों के माध्यम से युवाओं को जागरूक कर 18 वर्ष पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। घर-घर संपर्क अभियान, विशेष शिविरों और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप अभियान को सफल बनाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरियां, डीसी मनरेगा रविन्द्र वीर, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अजय कुमार मिश्रा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












