लखनऊ/एबीएन न्यूज। रेलवे अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) द्वारा झांसी वैगन कार्यशाला में मालवाहक रोलिंग स्टॉक, विशेषकर वैगन/माल डिब्बों की सुरक्षा एवं अनुरक्षण से संबंधित विषयों पर एक दिवसीय ज्ञान-साझाकरण कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। वैगन निदेशालय, आरडीएसओ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य नवीनतम अनुरक्षण निर्देशों का प्रसार, क्षेत्रीय अनुभवों का आदान-प्रदान तथा सभी जोनल रेलों में सर्वोत्तम अनुरक्षण पद्धतियों के समरूप क्रियान्वयन को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में विभिन्न जोनल रेलों से मालगाड़ियों के अनुरक्षण एवं संचालन से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े लगभग 100 अधिकारी एवं पर्यवेक्षक शामिल हुए। कार्यशाला के दौरान आरडीएसओ एवं जोनल रेलों के विषय-विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही संवादात्मक सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें वैगन सुरक्षा, अनुरक्षण से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियाँ, परिचालन विश्वसनीयता, निरीक्षण पद्धतियों और मानकीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकों के उपयोग, समयबद्ध निरीक्षण, दोषों की शीघ्र पहचान तथा डेटा आधारित अनुरक्षण प्रणाली पर बल दिया। प्रतिभागियों ने अपने-अपने जोन में आ रही चुनौतियों और नवाचारों को साझा किया, जिससे सामूहिक रूप से बेहतर समाधान विकसित करने की दिशा में सार्थक संवाद स्थापित हुआ।
यह कार्यशाला तकनीकी विमर्श और अनुभव-साझाकरण के लिए एक प्रभावी मंच सिद्ध हुई। इससे भारतीय रेल नेटवर्क में मालवाहक वैगनों के संचालन की सुरक्षा, मानकीकरण और विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में आरडीएसओ के निरंतर प्रयासों को बल मिला।
उल्लेखनीय है कि वैगन निदेशालय, आरडीएसओ द्वारा आयोजित यह इस श्रृंखला की दूसरी कार्यशाला थी। इससे पूर्व 15 एवं 16 जनवरी 2026 को भारतीय रेल विद्युत एवं यांत्रिक अभियंत्रण संस्थान (आईआरआईएमईई), जमालपुर में दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया था। इन कार्यशालाओं के माध्यम से सभी 16 जोनल रेलों को कवर करने का प्रयास किया गया है, ताकि रेलवे बोर्ड एवं आरडीएसओ द्वारा जारी नवीनतम अनुरक्षण दिशा-निर्देशों को प्रभावी रूप से क्षेत्रीय अधिकारियों तक पहुँचाया जा सके और उनका सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। आरडीएसओ की यह पहल देश में सुरक्षित, दक्ष और विश्वसनीय माल परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
![]()











