Last Updated:
कॉमेडी किंग कपिल शर्मा आज जिस बुलंदी पर हैं, वहां तक का रास्ता कांटों भरा रहा है. हाल ही में उन्होंने अपनी जिंदगी के उन अंधेरे पन्नों को साझा किया, जिनसे दुनिया अनजान थी. कपिल ने बताया कि कैसे 36 साल की उम्र में वह डिप्रेशन का शिकार हो गए थे और हालात इतने बिगड़ गए थे कि लोगों ने मान लिया था कि उनका करियर अब खत्म हो चुका है. वह अपने पिता को याद कर भावुक भी हुए और बताया कि कामयाबी की हर सीढ़ी चढ़ते वक्त उन्हें पिता की कमी खलती है.
करियर के पीक पर डिप्रेशन का शिकार हो गए थे कपिल शर्मा.
ईटाइम्स को दिए इंटरव्यू में कपिल ने अपनी जिंदगी के उतार-चढ़ाव साझा करते हुए कहा, ‘हर दौर का अपना एक अलग ही मजा था. बचपन की बात ही कुछ और थी. जब तक पिता साथ थे, वह वक्त बिल्कुल अलग था. लेकिन 2004 में उनके गुजर जाने के बाद तो जैसे जिंदगी पटरी से ही उतर गई थी. फिर टीवी ने मुझे दूसरा मौका दिया और चीजें धीरे-धीरे संभलने लगीं. फिर 36 की उम्र में मुझे डिप्रेशन ने ऐसा घेरा कि मैं पूरी तरह टूट गया. लोग कहने लगे थे कि कपिल का करियर अब खत्म हो गया है. पर फिर मेरी शादी हुई, शो दोबारा शुरू हुआ और मैंने फिर से 300 से ज्यादा एपिसोड्स कर डाले.’
10 लाख का चेक मिलने पर खूब रोए थे कपिल शर्मा
कपिल ने अपने पिता को याद करते हुए कहा, ‘बीता हुआ कल कभी नहीं बदलता और जो चले गए वो लौटकर नहीं आते. मुझे आज भी याद है जब मैंने द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज की ट्रॉफी जीती थी और मुझे 10 लाख रुपये का चेक मिला था, तब मैं बहुत रोया था. बस यही ख्याल आ रहा था कि काश आज पापा यहां होते. जब मेरा खुद का शो शुरू हुआ, तो एक रात मैं 9 बजे अपने घर के बाहर चुपचाप खड़ा था. पूरी सोसाइटी के हर घर में टीवी चल रहे थे और लोगों के हंसने की आवाजें आ रही थीं. मैंने तब सोचा कि अगर पापा जिंदा होते, तो उन्हें कितनी खुशी होती. यूं तो मैं उन्हें हर दिन याद करता हूं, लेकिन कुछ पल ऐसे होते हैं जो दिल को बहुत ज्यादा कचोटते हैं.’
सिंगर बनने का सपना लेकर पहुंचे थे मुंबई
बताते चलें कि कपिल शर्मा जब अमृतसर से मायानगरी मुंबई आए थे, तो उनकी आंखों में सिंगर बनने का सपना था. लेकिन तकदीर को शायद कुछ और ही मंजूर था. साल 2007 में कॉमेडी रियलिटी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ (सीजन 3) के विजेता बनते ही वह रातों-रात चर्चा में आ गए. इसके बाद उन्होंने ‘कॉमेडी सर्कस’ के मंच पर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा और साल 2013 में कलर्स टीवी पर अपने खुद के प्रोडक्शन हाउस के9 के तहत ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ की शुरुआत की. देखते ही देखते कपिल ने अपनी कॉमेडी का ऐसा जादू चलाया कि आज वह भारत के सबसे लोकप्रिय और सफल कॉमेडियन बन चुके हैं.
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
![]()










