लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने आज दिनांक 11 फरवरी 2026 को काकोरी एवं आलमनगर रेलवे स्टेशनों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं संरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले मंडल रेल प्रबंधक काकोरी रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर में स्थापित “काकोरी का ऐतिहासिक महत्व” दर्शाने वाली शिलापट्टिका का अवलोकन किया। इस शिलालेख में 9 अगस्त 1925 को घटित ऐतिहासिक काकोरी कांड का उल्लेख अंकित है, जो भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की एक महत्वपूर्ण घटना रही है। इस क्रांतिकारी घटना में अमर शहीद पं. राम प्रसाद बिस्मिल, चंद्रशेखर आजाद, अशफाक उल्ला खां एवं राजेंद्रनाथ लाहिड़ी जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान देश के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है।
मंडल रेल प्रबंधक ने काकोरी स्टेशन स्थित फोटो संग्रहालय एवं शहीद पार्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्रदर्शित ऐतिहासिक चित्रों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी जानकारियों को देखा तथा कहा कि काकोरी स्टेशन केवल एक रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणादायक धरोहर है। यहां स्थापित संग्रहालय और शहीद पार्क नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का सशक्त माध्यम हैं।

इसके उपरांत श्री वर्मा आलमनगर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, टिकटिंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए ट्रैक, सिग्नलिंग एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया। स्टेशन सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल देते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
![]()












