लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा आज दिनांक 11 फरवरी 2026 को आरडीएसओ के न्यू ऑडिटोरियम में ‘रेल सेवा पुरस्कार वितरण समारोह 2025’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले कुल 66 रेलकर्मियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा एवं उत्तर रेलवे महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा श्रीमती निरुपमा वर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सुश्री अरिमा भटनागर ने सभी विशिष्ट अतिथियों एवं पुरस्कार विजेताओं का स्वागत किया।

समारोह के दौरान मंडलीय सांस्कृतिक संगठन के कलाकारों ने सरस्वती वंदना एवं अन्य मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को गरिमामय बना दिया। पुरस्कार वितरण सत्र में मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने विभिन्न विभागों के उन कर्मचारियों को सम्मानित किया, जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन और उल्लेखनीय सेवाएं दीं। कुल 66 रेलकर्मियों को व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किए गए।

इसके अतिरिक्त रेल मंत्री पुरस्कार (एमआर अवार्ड) के लिए नामांकित कर्मचारियों तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री वर्मा ने सभी पुरस्कार विजेताओं, अधिकारियों एवं कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे मंडल की कार्यसंस्कृति और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि सभी कर्मचारी भविष्य में भी इसी प्रकार निष्ठा, प्रतिबद्धता और अनुकरणीय कार्यशैली के साथ रेलवे की सेवा करते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में मंडल कार्मिक अधिकारी श्री प्रभात सिंह ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
![]()











