लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में संरक्षा जागरूकता को सुदृढ़ करने एवं दुर्घटना-मुक्त रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संरक्षा विभाग द्वारा एक विशेष वेबीनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। वेबीनार में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्रीमती नीतू तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. शिल्पी कन्नौजिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस वेबीनार में परिचालन एवं इंजीनियरिंग विभाग के 60 से अधिक लाइन कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को संरक्षा नियमों, प्रक्रियाओं और आवश्यक सावधानियों के प्रति और अधिक जागरूक बनाना था, ताकि रेल संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
संरक्षा सलाहकारों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रतिभागियों को सतर्कता आदेशों के प्रकार एवं उन्हें जारी करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्टेशन पर जारी किए जाने वाले ब्लॉक मेमो, सिग्नल विफलता मेमो की प्रक्रिया, इंटरलॉक तथा नॉन-इंटरलॉक गेटों की कार्यप्रणाली, ऑटोमेटिक क्षेत्र की गेटों का संचालन आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
वेबीनार के दौरान स्टेशन मास्टर द्वारा विभिन्न फॉर्म भरते समय बरती जाने वाली सावधानियों तथा शंटिंग कार्य के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने कर्मचारियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया, जिससे उन्हें संरक्षा मानकों की बेहतर समझ प्राप्त हुई।
मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा, ताकि सभी कर्मचारियों को नवीनतम संरक्षा दिशानिर्देशों से अवगत कराया जा सके और रेलवे की संरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
![]()











