सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री बीएन सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, पर्यावरण समिति एवं गंगा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, पौधरोपण लक्ष्य की पूर्ति तथा गंगा एवं सोन नदी क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिन विभागों को जो भी पौधरोपण लक्ष्य आवंटित किए गए हैं, उनके अनुरूप शीघ्र ही उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन कर लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पौधरोपण सुनिश्चित किया जाए और इसकी नियमित निगरानी भी की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा पारित आदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। जिन विभागों को फलदार पौधों की आवश्यकता हो, वे वन विभाग को समय से पौधों की संख्या उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यकतानुसार पौध उपलब्ध कराए जा सकें।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि अपने-अपने कार्यालय परिसरों एवं खाली पड़ी भूमि पर अधिक से अधिक पौधरोपण कराया जाए। साथ ही यह भी कहा कि केवल पौधरोपण ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और सुरक्षा की भी समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि रोपे गए पौधे सुरक्षित रह सकें और उनका विकास सुनिश्चित हो सके।

सड़कों पर ओवरलोड कूड़ायुक्त वाहनों द्वारा कचरा गिराए जाने की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने ऐसे वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को सड़कों पर पड़े गड्ढों की मरम्मत कराने तथा सड़क किनारे नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह ग्राम पंचायतों में “ग्रीन चौपाल” का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सोन नदी के किनारे बसे गांवों में आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को कम पानी की लागत में अधिक उत्पादन देने वाली जैविक खेती के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि हो सके।
बैठक में जिला विकास अधिकारी श्री हेमंत कुमार सिंह, डीएफओ रॉबर्ट्सगंज श्री आशुतोष जायसवाल, डीएफओ रेनुकूट श्री कमल कुमार, एसडीओ श्री शत्रुधन त्रिपाठी, एसडीओ ओबरा श्री मयंक, डीसी मनरेगा श्री रवीन्द्र वीर सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकुल आनंद पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री जयराम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












