सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र के जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने आज कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों एवं विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पत्रावलियों के अस्त-व्यस्त रख-रखाव और स्वच्छता के प्रति उदासीनता पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न कक्षों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मीटिंग हॉल, न्याय सहायक अनुभाग, सामान्य कार्यालय, पासपोर्ट अनुभाग, राजस्व सहायक अनुभाग, ईआरके/आंग्ल अनुभाग, स्थानीय निकाय अनुभाग, रिकॉर्ड रूम, मुख्य राजस्व अनुभाग तथा नजारत अनुभाग का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक पटल पर जाकर लंबित कार्यों की प्रगति जानी और कर्मचारियों से पत्रावलियों की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान कई अनुभागों में पुरानी फाइलें और महत्वपूर्ण पत्रावलियां अव्यवस्थित पाई गईं। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पत्रावलियों का सुव्यवस्थित प्रबंधन किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर किसी भी फाइल को खोजने में समय नष्ट न हो। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड इस प्रकार व्यवस्थित होना चाहिए कि कोई नया कर्मचारी भी उसे आसानी से ढूंढ सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्यालयीन कार्यों को पूरी तरह अधीनस्थों के भरोसे न छोड़ें, बल्कि स्वयं विभागीय आदेशों एवं नियमों का अध्ययन कर अपने मार्गदर्शन में कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर पाई गई त्रुटि के लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे और लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

कलेक्ट्रेट परिसर की स्वच्छता एवं सुंदरता को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने-अपने अनुभागों में नियमित रूप से सफाई व्यवस्था की निगरानी करें और पूरे परिसर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखें। साथ ही ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को तकनीकी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री रमेश कुमार, प्रशासनिक अधिकारी श्री रामलाल यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी श्री इंद्रभान सिंह, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री दिव्यतोष मिश्रा, कलेक्ट्रेट नाजिर बाबू लाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()











