डिजिटल दौर में लोग अपने पासवर्ड भी ऑनलाइन सेव करके रखते हैं, इससे हैकरों के लिए उसे चुराना आसान हो जाता है। साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए जरूरी है कि हम पासवर्ड को ऑनलाइन सेव न करें। सोशल मीडिया अकाउंट पर हमेशा टू-स्टेप-वेरिफिकेशन रखने के साथ अन्य एहतियात बरतकर हम साइबर ठगों से काफी हद तक बचाव कर सकते हैं।
ये बातें शुक्रवार को रानी अवंतीबाई राजकीय महिला महाविद्यालय में अमर उजाला की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में एएसपी सोनाली मिश्रा ने छात्राओं से कहीं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया अकाउंट की फीड पर आने वाले शॉपिंग एड से धोखाधड़ी की कई शिकायतें इन दिनों आ रही हैं। इसलिए आवश्यक है कि ऐसे किसी भी अकाउंट से कुछ भी खरीदने से पहले उसके फॉलोअर्स, अकाउंट कब से चल रहा है व प्रोडक्ट पर उपभोक्ताओं के फीडबैक की जांच अवश्य कर लें।
अपना अकाउंट प्राइवेट रखें
एएसपी ने बताया कि एआई के जमाने में आसानी से आपकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। इसलिए आवश्यक है कि अपना अकाउंट प्राइवेट ही रखें। किसी भी एप या वेबसाइट की टर्म्स एंड कंडीशन भी अवश्य पढ़ लें। कई बार अनजाने में हम ही सामने वाली कंपनी या वेबसाइट को अपना डाटा आसानी से उपलब्ध करा रहे होते हैं, जिसके बारे में हमें खुद ही नहीं पता होता है।
उन्होंने कहा कि पहले केवल एक किरन बेदी थी, लेकिन जिस बैच से उन्होंने पुलिस प्रशिक्षण प्राप्त किया उसमें 30 प्रतिशत महिलाएं थी। छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी से भी स्वयं को कम न आंके।










