सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए कानून तोड़ने वाले तीन किशोर समेत आठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों को गुजैनी पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में किशोरों के अलावा बर्रा आठ कच्ची बस्ती निवासी अरविंद सिंह, मो. शाहिद, अमन कटियार, वरुण विहार कच्ची बस्ती निवासी लकी और जरौली फेज-टू के चंदन कुमार हैं। सभी ने प्रैंक वीडियो बनाने के लिए एक किशोर के अपहरण और फिरौती की कहानी रची थी। सभी ने पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगी। इसके बाद पुलिस ने बालिगों को जेल और नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया।
इन आरोपियों ने 11 फरवरी को बर्रा आठ में एक किशोर को सुनसान जगह ले जाने के बाद फोन देकर उसकी मां से अपहरण की बात कहलाते हुए दो लाख की फिरौती मांगी थी। फोन कॉल से सहमे परिजन पुलिस से मदद लेने गुजैनी थाने पहुंच गए। इस बीच आरोपियों ने किशोर की मां को नए नंबर से फोन करके रविवार को पहले पांच हजार रुपये की फिरौती देने को कहा। बाद में खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताकर अपहरण को एक प्रैंक बताया। किशोर के परिजन ने गुजैनी थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि सीसी कैमरों की मदद से आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए अपहरण का प्रैंक वीडियो बनाने की बात कबूली है। आरोपियों में अमन कटियार के खिलाफ पहले से चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं जबकि अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास जुटाया जा रहा है। आरोपी एक साथ और अलग-अलग भी वीडियो बनाते हैं।