लखनऊ/प्रयागराज/एबीएन न्यूज। माघ मेला 2026 के अंतर्गत महाशिवरात्रि पर्व पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन एवं फाफामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर व्यापक एवं सुदृढ़ भीड़ प्रबंधन व्यवस्था लागू की गई है। श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन ने बहुस्तरीय इंतजाम सुनिश्चित किए हैं।
रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशन परिसरों में प्रवेश और निकास के लिए पृथक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित हो सके। प्लेटफॉर्मों पर बैरिकेडिंग एवं कतारबद्ध प्रणाली लागू की गई है, जिससे भीड़ को नियंत्रित कर भगदड़ जैसी किसी भी स्थिति से बचाव किया जा सके।

यात्रियों को शीघ्र टिकट उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन तथा मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली की व्यवस्था की गई है। इससे लंबी कतारों को कम करने और समय की बचत में सहायता मिल रही है।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस के अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। उद्घोषणा प्रणाली के जरिए यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश प्रसारित किए जा रहे हैं।
चिकित्सा सुविधा के लिए प्राथमिक उपचार कक्ष तथा एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, अफवाहों से बचें और रेलवे कर्मियों के निर्देशों का अनुपालन करें, जिससे महाशिवरात्रि के अवसर पर यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी रहे।
![]()












