लखनऊ/एबीएन न्यूज़। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन कर्मचारियों को सोमवार, 16 फरवरी 2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा द्वारा ‘सेफ्टी अवार्ड’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन कर्मचारियों को दिया गया, जिन्होंने अपनी सतर्कता और जिम्मेदारी से संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सम्मानित कर्मचारियों में श्री विनय कुमार गौड़ (पॉइंट्समैन/अयोध्या धाम जंक्शन), श्री शिवशंकर (गेटमैन/निहालगढ़) तथा श्री कमलेश कुमार (लोको पायलट/रायबरेली) शामिल हैं। तीनों कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता, सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए रेल संचालन को सुरक्षित बनाए रखने में सराहनीय योगदान दिया।
जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान ट्रैक पर अवरोध अथवा अन्य तकनीकी समस्या को देखते ही संबंधित कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए। उन्होंने उच्चाधिकारियों को समय पर सूचना दी और गाड़ियों के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित किया। उनकी सजगता के कारण संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते टाल दिया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने कहा, “रेल संरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिन कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सतर्कता से कार्य किया और संभावित दुर्घटनाओं को टालने में सफलता पाई, वे वास्तव में प्रशंसा के पात्र हैं। ऐसे उदाहरण पूरे मंडल के लिए प्रेरणादायी हैं और हम सभी को संरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की सीख देते हैं।” रेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि कर्मचारियों को प्रोत्साहन मिले और संरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
![]()












