लखनऊ/एबीएन न्यूज़। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल अंतर्गत मोढ़ स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और तत्परता से एक बिछड़े मासूम बच्चे को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया। इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 65117 गाजीपुर सिटी–प्रयागराज संगम मेमू में लगभग तीन से चार वर्ष आयु का एक बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ गया था। मोढ़ स्टेशन पर ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर श्री गोपाल जी को इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू की और संबंधित स्टेशनों को अलर्ट कर दिया।
ट्रेन के जंघई स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग से ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर संबंधित कोच में पहुंचे। वहां एक महिला के पास उक्त बच्चा सुरक्षित पाया गया। तत्पश्चात बच्चे को जंघई स्टेशन पर सुरक्षित स्थान पर बैठाया गया और उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया।
बाद में बच्चे के पिता श्री संजय कुमार विश्वकर्मा, निवासी चंदुआ छिततउपुर, वाराणसी, ट्रेन संख्या 55141 पैसेंजर से जंघई स्टेशन पहुंचे। आवश्यक पहचान और पुष्टि की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर पिता ने भारतीय रेल, आरपीएफ और संबंधित स्टेशन मास्टरों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्री सुरक्षा और सेवा उत्तर रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता के साथ कार्य करना रेलवे की प्रतिबद्धता है।
![]()











