अजमेर. 3 मार्च को रंगों के पावन पर्व होली के दिन वर्ष का पहला चंद्रग्रहण घटित हुआ. होली जैसे उल्लासपूर्ण पर्व पर ग्रहण का संयोग अपने आप में विशेष संकेत देता है. बीते कुछ दिनों में कई लोगों ने मन में उलझन, अनावश्यक थकान, भावनात्मक भारीपन या अतीत की यादों का उभरना महसूस किया होगा. यह केवल संयोग नहीं, बल्कि ग्रहण की सूक्ष्म मानसिक तरंगों का प्रभाव माना जा रहा है.
होली जहां पुराने द्वेष को जलाकर नई शुरुआत का प्रतीक है, वहीं उसी दिन लगा चंद्रग्रहण आत्ममंथन और अंतर्मन की हलचल का संकेत लेकर आया. कई लोगों को बिना स्पष्ट कारण के मन में बेचैनी या संवेदनशीलता महसूस हुई. ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार यह समय भीतर छिपी भावनाओं के जागरण का होता है.
ग्रहण का ज्योतिषीय प्रभाव जान लीजिए
यह चंद्रग्रहण सिंह राशि और पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र में घटित हुआ. ज्योतिष शास्त्र में चंद्रमा को मन, भावनाओं, कल्पना और मानसिक स्थिरता का कारक माना गया है. जब चंद्रमा पर ग्रहण लगता है तो व्यक्ति के भीतर दबे हुए विचार, अधूरी इच्छाएं और पुरानी स्मृतियां सक्रिय हो सकती हैं. सिंह राशि आत्मसम्मान, रचनात्मकता और व्यक्तित्व का प्रतिनिधित्व करती है, जबकि पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र भोग, आकर्षण और भावनात्मक जुड़ाव से संबंधित है. इस कारण कई लोगों को आत्मसम्मान से जुड़े प्रश्न, संबंधों में संवेदनशीलता या स्वयं को साबित करने की बेचैनी महसूस हुई.
मान को साफ करने और आत्ममंथन करने का समय
ग्रहण को केवल खगोलीय घटना मानना अधूरा दृष्टिकोण है. यह आत्ममंथन और आंतरिक शुद्धि का अवसर भी माना जाता है. यदि इस दौरान बेचैनी, अनिद्रा या भावनात्मक उतार-चढ़ाव महसूस हुआ तो इसे नकारात्मक नहीं, बल्कि परिवर्तन के संकेत के रूप में समझा जा सकता है. यह समय था नकारात्मक सोच, अतीत की पीड़ा और मानसिक बोझ को छोड़ने का. जैसे होली पुरानी बातों को अग्नि में समर्पित कर नई शुरुआत का संदेश देती है, वैसे ही यह ग्रहण भी आंतरिक परिवर्तन का संकेत लेकर आया.
यदि व्यस्तता के कारण आप दान, मंत्र जाप या ध्यान नहीं कर सके तो चिंता करने की आवश्यकता नहीं है. अभी से प्रतिदिन कुछ समय ध्यान, प्राणायाम और सकारात्मक संकल्प के लिए निकालें. सोमवार को भगवान शिव का अभिषेक या ॐ नमः शिवाय मंत्र का जाप मानसिक स्थिरता प्रदान कर सकता है.
अगला महत्वपूर्ण ग्रहण और ऊर्जा संतुलन
अगला महत्वपूर्ण आंशिक चंद्रग्रहण 28 अगस्त 2026 को लगेगा. ज्योतिष की दृष्टि से यह भी मानसिक और आध्यात्मिक परिवर्तन का अवसर माना जा रहा है. ऐसे खगोलीय अवसर व्यक्ति को आत्मचिंतन और जीवन में संतुलन स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं.
ऊर्जा को मजबूत रखने के लिए प्रतिदिन भगवान शिव या अपने इष्ट देव के मंत्रों का जाप करें. ध्यान, प्राणायाम और सकारात्मक संकल्प को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं. इससे मानसिक संतुलन बना रहेगा और किसी भी प्रकार के नकारात्मक प्रभाव को संतुलित किया जा सकेगा.










