लखनऊ/एबीएन न्यूज। यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 06 मार्च 2026 को रेलवे बोर्ड के महानिदेशक/सुरक्षा हितेन्द्र मल्होत्रा तथा महानिदेशक रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) सोनाली मिश्रा ने उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के अंतर्गत विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त पंकज गंगवार, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक (पीसीओएम) मोनिका अग्निहोत्री, रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (सुरक्षा/यातायात) मुकुल कुमार तथा उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण कार्यक्रम के तहत सबसे पहले लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर आरआईटीईएस (RITES) द्वारा तैयार की गई भीड़ प्रबंधन व्यवस्था और होल्डिंग एरिया से संबंधित योजनाओं की विस्तृत प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति में स्टेशन परिसर में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने के उपायों की जानकारी दी गई।
इसके बाद अधिकारियों ने चारबाग स्टेशन के पूरे सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया और वहां लागू की जा रही भीड़ प्रबंधन योजना तथा होल्डिंग एरिया की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान यात्रियों की सुविधा, स्टेशन पर आवागमन की सुगमता और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।

कार्यक्रम के अगले चरण में चारबाग रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार (सेकेंड एंट्री) के विकास कार्यों की प्रगति का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा इस परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों तथा प्रस्तावित आधुनिक यात्री सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के बारे में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह परियोजना स्टेशन पर प्रवेश और निकास व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इसके अतिरिक्त निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत अनुसंधान डिजाइन एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) लखनऊ का भी दौरा किया गया, जहां रेलवे से संबंधित अनुसंधान, तकनीकी विकास और नवाचारों के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।

निरीक्षण के अगले क्रम में महानिदेशक/सुरक्षा हितेन्द्र मल्होत्रा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय लखनऊ पहुंचे, जहां मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंडल सम्मेलन कक्ष में एक विस्तृत बैठक और संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस बैठक में प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी (पीसीएसओ/एनआर) पंकज कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान सहित मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मंडल में सुरक्षा, संरक्षा, परिचालन व्यवस्था तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
![]()











