01:18 AM, 07-Mar-2026
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने पश्चिम एशिया की उड़ानों पर रखा कड़ा नजर
नागरिक उड्डयन मंत्रालय पश्चिम एशिया में बदलती परिस्थितियों पर बारीकी से नज़र रख रहा है, जो भारत और इस क्षेत्र के बीच हवाई यातायात को प्रभावित कर रही हैं। मंत्रालय ने बताया कि एयरलाइन्स आवश्यक संचालन संबंधी बदलाव कर रही हैं ताकि यात्रियों की सुरक्षा बनी रहे और उड़ानों का क्रम व्यवस्थित तरीके से चले।
मंत्रालय के अनुसार, 5 मार्च 2026 को पश्चिम एशिया से भारत आने वाली भारतीय एयरलाइन्स की कुल 40 उड़ानों ने 7,205 यात्रियों को लाया। इससे कुल आने वाले यात्रियों की संख्या 14,992 हो गई है। 6 मार्च 2026 को भारतीय एयरलाइन्स की 51 उड़ानें संचालित होने की योजना है, जो मौजूदा हालात और संचालन क्षमता के अनुसार तय होंगी।
12:35 AM, 07-Mar-2026
ईरान के उप विदेश मंत्री बोले- हमें अमेरिका पर भरोसा नहीं
ईरान के उप विदेश मंत्री माजिद तख्त-रवांची ने कहा है कि तेहरान की हाल की कार्रवाइयां रक्षा के उद्देश्य से हैं। उनका कहना था कि यह युद्ध अमेरिका और इस्राइल ने ईरान पर थोप दिया। France 24 को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि हम अच्छे इरादों से बातचीत कर रहे थे, लेकिन अमेरिका ने अपनी रणनीति बदल दी। उन्होंने सीधे कहा कि हम अमेरिकियों पर भरोसा नहीं करते। उन्होंने न सिर्फ हमें धोखा दिया, बल्कि कूटनीति को भी ठेस पहुंचाई। ईरानी उप विदेश मंत्री का यह बयान अमेरिका और इजराइल के साथ बढ़ते तनाव और हालिया संघर्ष के बीच आया है।
12:22 AM, 07-Mar-2026
बगदाद एयरपोर्ट के पास अमेरिकी केंद्र वाले सैन्य ठिकाने पर रॉकेट हमला
मिडिया रिपोर्टस के अनुसार बगदाद में बगदाद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डाके पास स्थित एक सैन्य ठिकाने पर रॉकेट हमला किया गया। यह वही बेस है जहां अमेरिका का एक राजनयिक केंद्र भी मौजूद है। इराकी सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अज्ञात हमलावरों ने इस सैन्य अड्डे को निशाना बनाकर रॉकेट दागे। फिलहाल हमले में हुए नुकसान या हताहतों को लेकर तुरंत कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और हमले की जांच शुरू कर दी गई है।
12:19 AM, 07-Mar-2026
छह हफ्तों में ईरान के हवाई क्षेत्र पर नियंत्रण चाहता है अमेरिका
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने कहा है कि वह आने वाले कुछ हफ्तों में ईरान के हवाई क्षेत्र पर नियंत्रण पाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि अमेरिका इस लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में काफी आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन को उम्मीद है कि अमेरिका के जो सैन्य उद्देश्य तय किए गए हैं, उन्हें करीब चार से छह हफ्तों के भीतर पूरा किया जा सकता है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, मौजूदा हालात में अमेरिका की रणनीति ईरान के हवाई क्षेत्र पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और क्षेत्र में अपनी सैन्य बढ़त बनाए रखने की है।
12:15 AM, 07-Mar-2026
West Asia Crisis LIVE: छह हफ्तों में ईरान के हवाई क्षेत्र पर नियंत्रण चाहता है US; बगदाद एयरपोर्ट के पास हमला
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सरकारी सूत्रों ने बताया कि ईरान के जहाज आईआरआईएस लवन के 183 क्रू मेंबरों को कोचि में नौसेना की सुविधाओं में अस्थायी रूप से ठहराया गया है। बताया गया है कि सभी नाविक सुरक्षित हैं और उन्हें भारतीय नौसेना के नौसैनिक परिसर में रहने, खाने और अन्य जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। यह व्यवस्था फिलहाल मानवीय आधार पर की गई है।












