सोनभद्र/एबीएन न्यूज। विंध्याचल मंडल मीरजापुर के आयुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने शुक्रवार को सोनभद्र जनपद के दौरे के दौरान निर्माणाधीन राज्य कर (जीएसटी) कार्यालय और पर्यटन कार्यालय के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गति को तेज करने और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले निर्माणाधीन राज्य कर कार्यालय (जीएसटी भवन) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अभियंता निर्माण खंड भवन मिर्जापुर को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि जीएसटी भवन का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने राज्य कर कार्यालय तक पहुंचने वाली सड़क के निर्माण कार्य की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि कार्यालय आने-जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसके बाद मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने सर्किट हाउस के समीप निर्माणाधीन पर्यटन कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यटन कार्यालय का निर्माण कार्य भी निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन कार्यालय के निर्माण से जनपद में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित रूप से निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरे हों।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, तहसीलदार सदर अमित कुमार, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()











