बीना / सोनभद्र / एबीएन न्यूज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को अंबेडकर नगर स्थित संत कीनाराम महिला पीजी कॉलेज में महिला सम्मेलन, पूर्व छात्रा मिलन एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज की पूर्व छात्रा अनुराधा पाठक उर्फ अनुराधा त्रिपाठी को ‘मिस कीनाराम अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज की पूर्व छात्राओं और वर्तमान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपसी संवाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा होली मिलन के माध्यम से आयोजन को यादगार बनाया।
अंकित सिंह एवं मनु श्री की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज के निदेशक डॉ. गोपाल सिंह रहे। उन्होंने अनुराधा पाठक उर्फ अनुराधा त्रिपाठी को ‘मिस कीनाराम अवार्ड’ से सम्मानित किया। सम्मान स्वरूप उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया गया तथा गुलाब के फूलों से बना ताज और गुलाब का आकर्षक बुके देकर उनका अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही कॉलेज की अन्य पूर्व छात्राओं को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद अनुराधा पाठक उर्फ अनुराधा त्रिपाठी ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि वह कॉलेज के निदेशक डॉ. गोपाल सिंह को अपने पिता तुल्य मानती हैं। उन्होंने कहा कि यह कॉलेज उनके लिए मायके के समान है, जबकि यहां की छात्राएं उनकी बहनों की तरह हैं और शिक्षिकाएं बड़ी बहन व मातृ स्वरूप हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पूर्व छात्राओं और वर्तमान छात्राओं के बीच संवाद और मेलजोल को बढ़ाते हैं, जिससे छात्राओं में आगे बढ़ने और ‘मिस कीनाराम’ बनने की प्रेरणा भी मिलती है।
अनुराधा ने कॉलेज की प्राचार्य मनु श्री की भी सराहना करते हुए कहा कि पूर्व छात्राओं के मिलन कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत सफल रहा है और भविष्य में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम के दौरान अनुराधा त्रिपाठी ने होली गीत और चैता गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया और उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह के अंत में सभी छात्राओं और उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द व प्रेम का संदेश दिया। इस अवसर पर आरती पांडेय, शालिनी, अनुपमा, अन्नपूर्णा सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
![]()












