मैनपुरी में जन्मदिन समारोह से लौट रहे बाइक सवार परिवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में मां और पांच वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना भोगांव क्षेत्र के गांव नाका निवासी संजीव राजपूत की बहन नगर सदर कोतवाली क्षेत्र के नगला पजाबा में निवास करती हैं। बुधवार को वह भांजे के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 35 वर्षीय पत्नी पूनम, पांच वर्षीय बेटे आर्यन, प्रेम और भतीजे योगेंद्र के साथ नगला पजाबा आए थे। कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद रात करीब 12 बजे पत्नी, दोनों बेटे और भतीजे के साथ गांव वापस लौट रहे थे।
फर्दपुर रोड पर नगला कवर के पास सामने से आ रही स्कार्पियो ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे में पूनम और आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई। संजीव, प्रेम और योगेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग गया। कोतवाली पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। संजीव और प्रेम का पीजीआइ सैफई रेफर कर दिया गया। योगेंद्र को आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मां-बेटे का शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है।











