विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा।
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
लोकसभा चुनाव 2024 खत्म होते ही भाजपा ने अब विधानसभा चुनावों के लिए तैयारी शुरू कर दी हैं। महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर राज्य के लिए भाजपा ने चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। सोमवार को पार्टी ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को महाराष्ट्र का चुनाव प्रभारी घोषित किया। इसके अलावा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं, हरियाणा की जिम्मेदारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मिली है और उनके साथ ही त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देब सह-प्रभारी बनाए गए हैं। इसी साल अक्तूबर में इन दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। जबकि पार्टी ने झारखंड के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रभारी बनाया है। उनके साथ सह-प्रभारी के तौर पर हिमंता बिस्व सरमा काम करेंगे। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को जम्मू-कश्मीर का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान बतौर चुनाव प्रभारी सफल रही केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और अश्विनी वैष्णव की इस ‘लकी जोड़ी’ पर भाजपा हाईकमान ने फिर भरोसा जताया है। लोकसभा चुनाव के दौरान भी इन जोड़ी ने पर्दे के पीछे रहकर ओडिशा में जबरदस्त काम किया। राजस्थान में लोकसभा चुनाव का मतदान खत्म होने के बाद से यादव ओडिशा में ही डटे रहे। जबकि रेलमंत्री वैष्णव पूरे समय ओडिशा में रहकर पार्टी का जनाधार मजबूत करने में जुटे रहे हैं। दोनों नेताओं ने देश के अन्य राज्यों में चुनिंदा सभाएं की ओर अपना अधिकांश समय ओडिशा में ही गुजारा। दोनों ने चुनावी प्रबंधन को धार देने से लेकर स्थानीय नेतृत्व को एक्टिव करने का काम किया। मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के नेताओं की ड्यूटी भी ऐसे क्षेत्रों में लगाई। जहां हिंदी भाषी वोटर्स बड़ी तादाद में रहते हैं।
भाजपा नेतृत्व ने जिन दोनों नेताओं को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की कमान सौंपी है, उनकी गिनती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के विश्वस्तों में होती है। ऐसे में महाराष्ट्र में होने वाले राजनीतिक फैसलों और गतिविधियों पर पीएम मोदी और शाह की सीधी नजर रहेगी। यादव जहां महाराष्ट्र की परिस्थितियों को लेकर जमीनी जानकारी जुटाएंगे, तो वैष्णव आईटी सेक्टर के अनुभव के आधार पर चुनावी रणनीति बनाएंगे। भूपेंद्र यादव को संगठन को चलाने में कुशल माना जाता है। यादव राजस्थान (2013), गुजरात (2017) के विधानसभा चुनावों में पार्टी को जीत दिलाने के रणनीतिकार रहे हैं। झारखंड (2014) और उत्तर प्रदेश (2017) के साथ ही 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भी यादव भाजपा के प्रभारी रहे हैं। यादव इसके पहले 2014 में भी महाराष्ट्र के प्रभारी रह चुके हैं। महाराष्ट्र के प्रभारी रहते हुए उन्होंने पार्टी की स्थिति की जमीनी स्तर पर बखूबी आंकलन किया था। उस दौरान भाजपा-शिवसेना का गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर उनका अहम रोल था। यादव की एक खासियत यह भी है कि वे भाजपा के सहयोगियों दलों के साथ बहुत ही सहज और प्रभारी तरीके से तालमेल बैठा लेते हैं। ऐसे में पार्टी को उम्मीद है कि अतीत का करिश्मा महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में भी दोहरा सकते हैं।