करीब एक घंटे के ऑपरेशन के बाद निकला यह सामान।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के मोतिहारी जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक लड़का चाबी का गुच्छा, नेल कटर, चाकू और अन्य धातु की वस्तुएं निगल गया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके पेट से यह सारी चीजें निकाली तो वे भी हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि मोबाइल पर अधिक गेम खेलने और वीडियो देखने के कारण लड़के का मानसिक संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह इस तरह की चीजें निगलने लगा।
जानकारी के अनुसार मामला मोतिहारी शहर के चांदमारी मोहल्ले का है। लड़के की मां गोदरेज की अलमारी खोलने के लिए चाबी खोज रही थी, जो मिल नहीं रही थी। ऐसे में परेशान मां को देखकर लड़के ने उसे बताया कि उसने चाबी निगल ली है। इसके बाद परिजन तुरंत उसे मोतिहारी के एक डॉक्टर के पास ले गए। अल्ट्रासाउंड करने पर पता चला कि उसके पेट में धातु की कई वस्तुएं फंसी हुई हैं। जिन्हें निकालने के लिए डॉक्टर ने परिजनों से ऑपरेशन करने की बात कही। करीब एक घंटे के ऑपरेशन के बाद, लड़के के पेट से चाबी का गुच्छा, नेल कटर, नेकलेस, और एक छोटा चाकू निकाला गया। इस घटना को देखकर डॉक्टर भी हैरान थे कि आखिर लड़के ने इतना सारा धातु कैसे निगल लिया। हालांकि, डॉक्टरों का मानना है कि उसने कई दिनों में इस सामान को निगला होगा।
मोबाइल की लत से संतुलन बिगड़ा
बताया जा रहा है कि लड़के को मोबाइल चलाने की लत थी। वह दिनभर मोबाइल पर वीडियो देखता और खतरनाक गेम खेलता था। जिससे धीरे-धीरे उसका मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा। इस दौरान, वह घर के महत्वपूर्ण सामानों को छिपाने के इरादे से निगलता चला गया। मां ने अलमारी की चाबी खोज शुरू की तो उसने खुद इसकी जानकारी दी। पहले तो घरवालों को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन अल्ट्रासाउंड में सच्चाई सामने आ गई। डॉक्टरों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद उसकी हालत में सुधार है। वह जल्द ही पूरी तरह ठीक हो जाएगा।