विस्तार
उत्तर प्रदेश के एटा में विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के किशोरी नगला चंदन में जंगली जानवर ने शनिवार रात निराश्रित गाय पर हमला कर दिया। इसमें गाय मर गई। इस गांव सहित आसपास के ग्रामीण भी जंगली जानवर को लेकर भयभीत हैं।
जसरथपुर थाना क्षेत्र के गांव किशोरी चंदन के ग्राम प्रधान राजभान ने बताया कि शुक्रवार को शाम के दौरान एक गाय रतन सिंह के खेत पर घूम रही थी। करीब 8 बजे गाय की तेज आवाजें सुनाई दीं तो ग्रामवासी एकत्रित होकर आवाज की ओर गए। कुछ दूरी पर ही रतन सिंह के खेत में गाय लहूलुहान अवस्था में पड़ी थी।
उसके चेहरे पर जंगली जानवर के पंजे के निशान थे। कान कटा हुआ था। पूछ के पास भी खून बह रहा था। गाय को इस अवस्था में देख ग्रामीण उपचार में जुट गए, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद ग्रामवासियों ने गड्ढा कर अंतिम संस्कार किया।
जंगली हिंसक जानवर होने की आशंका से ग्रामवासी भयभीत हैं। किशोरी नगला चंदन के अलावा आसपास के गांव दहेलिया, जिटौराभान में भी गांववासियों के अनुसार हलचल महसूस की गई है। इसके चलते ग्रामवासी टोली बनाकर पूरी रात जागकर रखवाली कर रहे हैं। जसरथपुर थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि जंगली जानवर की सूचना मिली है, लेकिन किसी ने इसे देखा नहीं है। पुलिस की टीम भी गश्त कर रही है।