इस्राइल की परिवहन मंत्री मिरी रेगेव को तुर्किये के फोन नंबरों से सैकड़ों नफरत भरे संदेश और धमकियां भेजी गई हैं। उन्हें धमकी दी गई कि हम तुम्हें और तुम्हारे देश को दफन कर देंगे। तुर्किये के हैकरों ने उनके निजी मोबाइल नंबर और अन्य मंत्रियों के फोन नंबर लीक किए थे।
इस्राइली मंत्री रेगेव को भेजे गए संदेशों में लिखा था, ‘हिटलर सही था। उसे तुम सबको मार देना चाहिए था। हम तुम्हें और तुम्हारे देश को दफन कर देंगे। मैं तुर्किये हूं। मैं तुम्हें नर्क में भेज दूंगा।’
रक्षा मंत्री ने भी ऐसे ही संदेश मिलने की पुष्टि की थी
इस्राइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने भी कल ऐसे ही संदेश मिलने की पुष्टि की थी। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर जवाब में लिखा, ‘उन्हें फोन और धमकियां देते रहने दो, और मैं उनके सदस्यों, आतंकवाद के सरगनाओं का सफाया करने का आदेश देता रहूंगा।’











