बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की बीना परियोजना को पर्यावरण प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतिष्ठित फ़िमी जेम ग्रेनाइट पर्यावरण पुरस्कार 2024-25 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित फेडरेशन ऑफ इंडियन मिनरल इंडस्ट्रीज (FIMI) की 59वीं वार्षिक आम बैठक में प्रदान किया गया।
एनसीएल की ओर से इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री सुनील प्रसाद सिंह, बीना क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री आर. के. सिंह और नोडल अधिकारी (पर्यावरण) श्री विवेक तिवारी ने पुरस्कार ग्रहण किया।
यह पुरस्कार एनसीएल की पर्यावरणीय स्थिरता, हरित पहल और सतत खनन प्रथाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बीना परियोजना द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु अपनाई गई नवीन तकनीकें, हरित ऊर्जा के प्रयोग और प्रदूषण नियंत्रण उपायों को विशेष रूप से सराहा गया।
गौरतलब है कि फेडरेशन ऑफ इंडियन मिनरल इंडस्ट्रीज (FIMI), जिसकी स्थापना 1966 में हुई थी, खनन (कोयला सहित), खनिज प्रसंस्करण, धातु निर्माण और अन्य खनिज-आधारित उद्योगों के हितों को बढ़ावा देने वाला एक शीर्ष राष्ट्रीय संगठन है। फ़िमी अपने पर्यावरण पुरस्कार जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उद्योगों को सतत खनन और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करता है।
![]()












