नकवी से नहीं ली भारतीय टीम ने ट्रॉफी
भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट क्रिकेट संबंध पहले ही निचले स्तर पर हैं और हालात और बिगड़ गए जब दुबई में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) प्रमुख मोहसिन नकवी ने सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम को विजेता ट्रॉफी देने से इनकार कर दिया। एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता, लेकिन मुकाबले के बाद ट्रॉफी वितरण को लेकर जो विवाद खड़ा हुआ, उसने क्रिकेट प्रशासकों और फैंस दोनों के बीच गर्मी बढ़ा दी। इससे पाकिस्तान क्रिकेट टीम और मोहसिन नकवी की खूब किरकिरी हुई थी। मैच में भारत ने पहले ही फैसला कर लिया था कि वह ट्रॉफी नकवी के हाथ से नहीं लेंगे, जबकि नकवी बेशर्मी की हद पार करते हुए ट्रॉफी और मेडल अपने साथ ले गए और एशियन क्रिकेट काउंसिल के ऑफिस तक में भेज दिया। इस घटना ने पीसीबी की साख पर सवाल खड़ा कर दिया था।
महिला वनडे विश्व कप में भी लागू रहेगी नो हैंडशेक नीति
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया, ‘बीसीसीआई सरकार की नीति के अनुरूप है। न तो टॉस पर कोई हैंडशेक होगा, न ही मैच रेफरी के साथ कोई फोटो सेशन और न ही मैच के अंत में खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाना। पुरुष टीम की तरह ही महिला टीम भी यही नीति अपनाएगी।’
दोनों कप्तानों में नहीं होगी बातचीत
कोलंबो में यह भी दिलचस्प होगा कि टॉस किसके द्वारा कराया जाएगा। उम्मीद है कि कोई पूर्व खिलाड़ी या तटस्थ देश का विशेषज्ञ इसकी जिम्मेदारी संभालेगा। यह माहौल 2022 वनडे विश्व कप (न्यूजीलैंड) से बिल्कुल अलग होगा, जब भारतीय खिलाड़ियों की पाकिस्तान कप्तान बिस्माह मारूफ की नन्ही बेटी संग तस्वीरें वायरल हुई थीं। इस बार, हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तान कप्तान फातिमा सना के बीच औपचारिक शुभकामनाओं का आदान-प्रदान भी मुश्किल दिखता है।
![]()














