मौसम अपडेट (सांकेतिक तस्वीर)।
– फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विस्तार
मानसून सीजन खत्म होने के बावजूद देश के कई राज्यों में बारिश का दौर अभी भी जारी है। छत्तीसगढ़ में बुधवार को बारिश और बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई है। राज्य के 28 जिलों में अगले 3 दिनों तक तेज बारिश का अलर्ट है। वहीं, बिहार के बक्सर और नवादा जिले में भी बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। मध्य प्रदेश के पन्ना में भी बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 7 अक्तूबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा। झारखंड के दुमका जिले में बुधवार रात तेज बारिश के बीच 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गिलानपाड़ा मोहल्ले की सावित्री देवी घर से बाहर निकलीं और पानी भरे रास्ते पर चलते हुए नाले में गिर पड़ीं। वह नाले की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सकीं और पानी के तेज बहाव में बह गईं। बाद में उनका शव मिला, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मौसम विभाग ने देश के 13 राज्यों में तेज हवा, घने बादल और तेज बारिश की संभावना जताई है। जिन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक के कुछ हिस्से, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के इलाकों, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।
![]()












