11:51 AM, 03-Oct-2025
5 या उससे अधिक लोग दिखे तो होगी कार्रवाई
एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने कहा है कि 5 या उससे ज्यादा लोग कहीं भी अनावश्यक जुटेंगे तो वह कानूनी कार्रवाई के दायरे में आएंगे। शांति व्यवस्था को लेकर या कोई अन्य शिकायत या समस्या हो तो 0581-2422202 या 0581-2428188 पर फोन कर सूचना दें।
11:46 AM, 03-Oct-2025
छतों पर तलाशेंगे पत्थर, 8 टीमें करेंगी निगरानी
पिछले जुमे को बरेली में हुए बवाल के ड्रोन से बनाए गए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अलर्ट है। शुक्रवार को ड्रोन से निगरानी करने वाली टीमों की संख्या आठ कर दी गई है। यह टीमें सुबह से ही संवेदनशील इलाकों के मकानों की छतों की तलाशी ड्रोन से लेंगी। शहर को चार सुपर जोन में बांटकर 225 मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।
11:17 AM, 03-Oct-2025
एहतियातन इंटरनेट सेवा बंद की गई
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों व मिश्रित आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। अफवाह फैलाने की आशंका थी, इसलिए शासन स्तर से एहतियातन इंटरनेट सेवा बंद की गई है। अभी तक जो भ्रामक पोस्ट सोशल मीडिया सेल को मिलीं हैं, इन पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। एहतियातन बरेली जोन के आठ अन्य जिलों से आई पुलिस फोर्स और पीएसी को यहां रोका गया है।
11:10 AM, 03-Oct-2025
दोबारा से माहौल खराब होने की आशंका
बवाल के दो दिन बाद इंटरनेट सेवा बहाल होने के साथ ही बड़े पैमाने पर आई विरोध प्रतिक्रिया से खुफिया अमले ने दोबारा से माहौल खराब होने की आशंका जताई है। बृहस्पतिवार को दशहरा के अवकाश के बावजूद आंतरिक तैयारियां जारी रहीं।
11:00 AM, 03-Oct-2025
Bareilly Violence Live: जुमे की नमाज को लेकर हाई अलर्ट… ड्रोन से निगरानी, चार जोन में बांटा शहर; फोर्स तैनात
बरेली में जुमे की नमाज को देखते हुए इंटरनेट सेवा शनिवार तक बंद कर दी गई है। पुलिस-प्रशासन की ओर से आज हाई अलर्ट भी जारी किया गया है। शहर में पुलिस-पीएसी और आरआरएफ के 8500 जवान तैनात किए गए हैं। इनमें करीब छह हजार की तैनाती शहर में है। ड्रोन से छतों को खंगाला जा रहा है। शहर को चार सुपर जोन और चार स्पेशल जोन में बांटा गया है। शहर में बीते शुक्रवार को हुए बवाल के बाद से शांति कायम है। हालांकि पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को लेकर आईएमसी कार्यकर्ता और जेल भेजे गए आरोपियों के पक्ष के लोग माहौल भड़काने की कोशिश में लगे हैं।











