लखनऊ / एबीएन न्यूज़। महिला यात्रियों के स्वास्थ्य, सम्मान और सुविधा को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा आलमनगर रेलवे स्टेशन पर कुल 6 निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।
ये मशीनें महिला प्रतीक्षालय और द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में लगाई गई हैं, ताकि सभी वर्गों की महिला यात्रिणियों को यह सुविधा सुगमता से उपलब्ध हो सके। इस पहल से महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए सहज सुविधा प्राप्त होगी।
अब महिलाएं यात्रा के दौरान इन मशीनों के माध्यम से निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन प्राप्त कर सकेंगी, जिससे वे अधिक आत्मविश्वास और सुविधा के साथ सफर कर सकेंगी। यह कदम रेलवे परिसरों में महिलाओं के लिए स्वास्थ्यप्रद, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने कहा कि, “महिला यात्रियों की सुविधा के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास रेलवे की संवेदनशीलता और सेवा भावना का प्रतीक हैं। लखनऊ मंडल भविष्य में भी ऐसे जनोपयोगी कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा।” उन्होंने आगे कहा कि यह पहल स्वच्छता, सुरक्षा और सम्मान की भावना को सशक्त बनाते हुए भारतीय रेलवे के नारी सशक्तिकरण के संकल्प को और मजबूती प्रदान करती है।
![]()












