सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की तर्ज पर स्वामी विवेकानंद प्रेक्षा गृह में दस दिवसीय “स्वदेशी मेला” का भव्य शुभारंभ किया गया। समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री मा. श्री संजीव कुमार गोंड़ ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, ब्लॉक प्रमुख सदर अजीत रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष अजीत चौबे, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग बिनोद कुमार चौधरी, डीसी मनरेगा रवींद्र वीर सिंह, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश कुमार भारती सहित प्रशासनिक अधिकारी व उद्यमी उपस्थित रहे।
मा. मंत्री संजीव कुमार गोंड़ ने अपने संबोधन में कहा— “हम सभी स्वदेशी संकल्प के लिए एकत्र हुए हैं। यह केवल नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की नींव है। हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी हमारा मंत्र है। जब हम स्वदेशी अपनाते हैं, तो हम अपने देश की मिट्टी, कारीगरों और किसानों से जुड़ते हैं। यह आंदोलन हमारे देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।”
उन्होंने कहा कि स्वदेशी का विचार केवल अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और आत्मा का हिस्सा है। आज दुनिया योग, आयुर्वेद और भारतीय हस्तशिल्प की पहचान से भारत को जान रही है।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि स्वदेशी आंदोलन की जड़ें स्वतंत्रता संग्राम में हैं, जिसे लोकमान्य तिलक, महात्मा गांधी और दत्तोपंत ठेंगड़ी जैसे नेताओं ने आगे बढ़ाया। आज मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों ने उसी भावना को पुनर्जीवित किया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा — ये तीन स्तंभ आत्मनिर्भर भारत की नींव हैं। उन्होंने कहा कि “जब तक अर्थव्यवस्था स्वदेशी नहीं होगी, तब तक स्वतंत्रता और न्याय की रक्षा संभव नहीं।”

नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत रक्षा से लेकर सेमीकंडक्टर निर्माण तक आत्मनिर्भर बन रहा है। “आज भारत न केवल अपनी सेना के लिए हथियार बना रहा है बल्कि उन्हें निर्यात भी कर रहा है — यही आत्मनिर्भर भारत का सच्चा स्वरूप है,” उन्होंने कहा।

ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने कहा कि आज भारत डिजिटल क्रांति के युग में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल उत्पादक देश बन गया है। “पहले हम तकनीक आयात करते थे, अब पूरी दुनिया भारत से सीख रही है,” उन्होंने कहा। कार्यक्रम में लोकल उत्पादों से जुड़े स्टॉलों का मा. मंत्री ने निरीक्षण किया और लोगों से स्वदेशी उत्पादों को खरीदने और अपनाने की अपील की।

मेले के दौरान करमा नृत्य, भगवान राम पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, तथा जिला सूचना विभाग द्वारा तैयार सोनभद्र पर्यटन पर डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन डायट प्रवक्ता ऋचा ओझा ने किया।
![]()











