सोनभद्र/एबीएन न्यूज। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद सोनभद्र के प्रभारी मंत्री श्री रवीन्द्र जायसवाल ने शनिवार को सर्किट हाउस चुर्क में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि इस वर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती का ऐतिहासिक अवसर पूरे देश में भव्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद 560 से अधिक रियासतों को एक राष्ट्र में जोड़ने में सरदार पटेल की भूमिका अविस्मरणीय रही है।
मंत्री जायसवाल ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा “सरदार@150 – एक भारत आत्मनिर्भर भारत” अभियान के तहत देशभर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत पदयात्रा, एकता मार्च, स्वच्छता अभियान, स्वदेशी मेला, नशा मुक्ति अभियान, सेमिनार और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सरदार पटेल के आदर्शों – एकता, देशभक्ति और सेवा भावना – को सशक्त रूप से जनता के बीच पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
मंत्री ने बताया कि 30 अक्टूबर 2025 की संध्या को सरदार पटेल की प्रतिमा पर विशेष प्रकाश व्यवस्था के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 31 अक्टूबर को जनपद स्तर पर पदयात्रा और विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने बताया कि डायट परिसर से पदयात्रा रैली निकाली जाएगी, जिसके साथ वाद-विवाद, रंगोली, चित्रकला प्रतियोगिताएं, स्वच्छता अभियान और ओडीओपी-स्वदेशी मेला भी आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यक्रमों में “माई भारत पोर्टल” के माध्यम से युवाओं का अधिकाधिक पंजीकरण कराया जाएगा, ताकि निबंध, पॉडकास्ट, प्रश्नोत्तरी और राष्ट्रीय रील प्रतियोगिताओं में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रमों के संचालन में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन, विद्यालय और महाविद्यालयों के विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रेस वार्ता के दौरान विधायक सदर भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, उपाध्यक्ष (उ.प्र. अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग) जीत सिंह खरवार, पूर्व सांसद रामसकल, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, रोहित यादव, रमेश चन्द्र, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद, संजीव तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()











